मुख्यमंत्री ने अनुष्का का मुँह मीठा कराकर साझा की खुशियां
ग्वालियर। शक्ति की आराधना के महापर्व नवदुर्गा महोत्सव के पावन अवसर पर ग्वालियर ही नहीं समूचे मध्यप्रदेश को गौरवशाली क्षण और नारी शक्ति को शक्ति मिली है। ग्वालियर की प्रतिभाशाली बेटी और नारी शक्ति की प्रतीक कु. अनुष्का शर्मा को भारतीय महिला टी-20 क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिभाशाली क्रिकेटर कुमारी अनुष्का शर्मा का सम्पूर्ण प्रदेशवासियों की ओर से ग्वालियर विमानतल पर आत्मीय सम्मान किया। साथ ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम में शामिल होने के लिये अनुष्का एवं उनके पिता बृजमोहन शर्मा को बधाई और शुभकामनायें दीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अनुष्का शर्मा का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश व देश का नाम रोशन करें। उन्होंने अनुष्का का मुँह मीठा कराया और जनप्रतिनिधियों के साथ खुशियां साझा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को अल्प प्रवास (ट्रांजिट विजिट) पर राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल ग्वालियर पहुँचे थे।

इस अवसर पर उन्होंने पुष्प-गुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर अनुष्का शर्मा व उनके पिता बृजमोहन शर्मा को सम्मानित किया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामनिवास रावत व भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण प्रेमसिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना, पुलिस उपमहानिरीक्षक अमित सांघी, कलेक्टर रुचिका चौहान व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






