छिंदवाड़ा। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और डीएसपी ललित बैरागी के नेतृत्व में देहात और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने काराबोह रिंगरोड बायपास पर दबिश देकर एक हाई-प्रोफाइल जुआ फाड़ का भंडाफोड़ किया।

पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें महाराष्ट्र के नागपुर-अमरावती और मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा-बैतूल के जुआरी शामिल हैं।

पुलिस ने फाड़ से करीब 3,10,300 रुपये नगद, ताश के पत्ते, 23 मोबाइल और 05 लग्जरी कारें जब्त की हैं। सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जानकारो का कहना है कि सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि शहर में अलग-अलग स्थान बदलकर बड़े स्तर पर जुआ खिलाया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर लोकेशन मिलने पर देर रात पुलिस अधीक्षक की स्पेशल टीम ने दबिश देकर कार्रवाई की। सभी जुआरियों का छिंदवाड़ा पुलिस ने पुलिस कंट्रोल रूम से छिंदवाड़ा जिला जेल तक पैदल जुलूस भी निकाला।








