आमला। अनुविभागीय अधिकारी शैलेन्द्र बडोनिया द्वारा ग्राम पंचायत रमली-परसोडा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र, शासकीय स्कूल एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली पीडीएस की दुकान का बारीकी से जायजा लिया गया।

इस दौरान आंगनवाड़ी की व्यवस्थाओं, बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार, तथा स्कूल में शिक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। साथ ही पीडीएस दुकान में खाद्यान्न वितरण की स्थिति और रिकॉर्ड का भी परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के समय महिला एवं बाल विकास विभाग के सीडीपीओ निर्मल सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सीईओ पंकज दरोठिया, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर, पटवारी, पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।

एसडीएम ने पंचायत क्षेत्र में निर्मित मोक्षधाम शेड एवं अन्य निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शिता के साथ पहुंचे, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।









