बैतूल। महिलाओं के समग्र विकास एवं सशक्तिकरण को समर्पित नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा अंतर्गत संगोष्ठी का आयोजन जयवंती हॉक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रोफेसर कृष्णा गौसर द्वारा नारी शक्ति वंदन पखवाड़े मनाए जाने के उद्देश्यों के साथ की गई।
वरिष्ठ प्रोफेसर एस सोनी द्वारा राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका समाज के विकास में महिलाओं के योगदान विषय पर अपना उद्बोधन दिया। वन स्टॉप सेटर की प्रशासक अनामिका तिवारी द्वारा महिलाओं के अधिकारों, महिलाओं को सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, शिक्षा को अपनाने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने आदि जैसे महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा की गई।
कॉलेज की बालिकाओं द्वारा नारी सशक्तिकरण विषय पर रंगोली, पोस्टर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। महाविद्यालय के शिक्षकों द्वारा सशक्त नारी, सशक्त समाज विषय पर काव्य पाठ किया गया। अंत में महाविद्यालय में शिक्षा, खेलकूद, कला में विभिन्न प्रतियोगिताओं मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सम्मानित किया गया ।







