बैतूल। मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षत जैन की अध्यक्षता में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला पंचायत बैतूल के सभा कक्ष में 13 मार्च को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत विभिन्न पदाधिकारियों एवं सहयोगियों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करना तथा महिलाओं के सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना था।
मुख्यकार्यपालन अधिकारी अक्षत जैन ने कहा कि आजीविका मिशन ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। मिशन से जुड़ी महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि समाज में एक नई पहचान भी बना रही हैं। उन्होंने सभी सम्मानित प्रतिभागियों के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत विभिन्न विषयों के सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों, क्लस्टर लेवल फेडरेशन के प्रतिनिधियों, मिशन के ब्लॉक स्टाफ तथा विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों को उनके कार्यक्षेत्र में मिशन गतिविधियों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने एवं उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के अनुभव भी साझा किए गए। कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना प्रबंधक सतीश पवार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में इंदिरा महतो एवं मिशन से जुड़े विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
क्रमांक 65/374/03/2026






