बैतूल। बैतूल कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार जिले में 1अप्रैल से 4अप्रैल तक “स्कूल चले हम अभियान” 2026-27 के तहत विविध गतिविधियों के क्रम में शनिवार को शासकीय शालाओं में “स्कूल चले हम अभियान” अंतर्गत प्रवेश उत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा उन्हें शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई। विद्यालय स्टाफ ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की, ताकि “स्कूल चलें हम अभियान” का उद्देश्य सफल हो सके।
जनपद आठनेर अंतर्गत माध्यमिक शाला मांडवी में “स्कूल चले हम अभियान” के तहत प्रवेश उत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर मकसूद अहमद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर अहमद ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहकर निरंतर प्रयास करना चाहिए।

एसडीम डॉ. सिंह ने नवप्रवेशित छात्राओं का किया स्वागत
“स्कूल चले अभियान” के अंतर्गत कन्या शाला में आयोजित कार्यक्रम में बैतूल एसडीम डॉ.अभिजीत सिंह ने उपस्थित होकर समस्त छात्राओं का स्कूल में स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को विषय संबंधित व्यावहारिक कुशलताओं का मार्गदर्शन देकर प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत किया गया। इस कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही।

एसडीएम कहार ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
“स्कूल चलें हम अभियान 2026-27” के अंतर्गत शासकीय सांदीपनि विद्यालय मुलताई में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुलताई एसडीएम राजीव कहार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर एसडीएम कहार ने छात्र-छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा उन्हें शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की गई। इस अवसर पर शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






