आमला। शनिवार शाम क्षेत्र में आए अचानक मौसम के बदलाव ने भारी तबाही मचाई है। आमला नगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में करीब आधे घंटे से ज्यादा तक चले भीषण आंधी-तूफान और तेज हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कुदरत के इस कहर से क्षेत्र में भारी नुकसान होने की सूचना है।

नुकसान का विवरण:
उड़ गईं मकानों की छतें: आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई रिहाइशी इलाकों और कच्चे मकानों के ऊपर लगे सीटें, चद्दर और कवेलू हवा में ताश के पत्तों की तरह उड़ गए। लोग अपनी जान बचाने के लिए पक्के कमरों और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने को मजबूर हुऐ।

धराशाई हुए विशालकाय पेड़: नगर के मुख्य मार्गों और बाहरी क्षेत्रों में कई पुराने और विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़ गए। पेड़ों के गिरने से आवागमन बाधित हुआ है और कुछ स्थानों पर बिजली के तारों पर पेड़ गिरने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई है।

बाजार में मचा हड़कंप: आमला में साप्ताहिक मुख्य बाजार में भी आंधी का असर साफ देखा गया। दुकानों के लिए लगाए गए पाल और तिरपाल हवा में उड़ गए, जिससे व्यापारियों को काफी नुकसान हुआ है। अचानक आई इस आपदा से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बिजली विभाग ने सतर्कता रखने की अपील:
फिलहाल स्थिति को देखते हुए बिजली विभाग ने बिजली सप्लाई को बाधित कर दिया जिससे की कोई जनहानि न हो। गनीमत यह रही कि अब तक किसी भी प्रकार से जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के हवाले से कई जगहो पर संपत्ति का बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है।

सावधानी बरतें: मौसम विभाग ने आने वाले कुछ घंटों में और भी तेज हवाओं की संभावना जताई है। क्षेत्रवासियों से अपील है कि वे जर्जर भवनों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।







