आमला। महिला एवम् बाल विकास विभाग आमला अंतर्गत एसडीएम के निर्देश एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी गौतम अधिकारी के मार्गदर्शन में सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में बालिका जन्म को प्रोत्साहन एवं बालिकाओं की बेहतर शिक्षा और स्वास्थ हेतु लाडली लक्ष्मी उत्सव मनाया गया। उत्सव में लाड़ली बिटिया सहित उनकी माताओं एवं जन समुदाय को भी सम्मिलित किया गया। जिसमें लाड़ली बेटियों का तिलक, पुष्प से स्वागत कर लाडली लक्ष्मी योजना अंतर्गत प्रमाण पत्र वितरण किये गये। उत्सव में उपस्थित जन समुदाय के बीच लाडली बिटियाओ की बेहतर शिक्षा और स्वास्थ के बारे में परिचर्चा की गई कि अब वर्तमान युग महिला सशक्तिकरण का है जिसके लिए शासन निरन्तर सकारात्मक प्रयास कर रहा है। अब पूर्व की तरह बेटा बेटियों में भेद भाव नहीं रहा। आज हर माता पिता अपनी लाड़ली को बेटे से बढ़कर लाड़ प्यार करते हैं उनके पोषण से लेकर उनकी बेहतर शिक्षा का प्रबंध कर रहे हैं।

वर्तमान में बेटियां भी पढ़ लिखकर अपने माता पिता का नाम रोशन कर रही हैं। राजनीतिक क्षेत्र से लेकर शासकीय सेवाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है, लाडली लक्ष्मी उत्सव में बेटियों के परिजनों से पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधारोपण हेतु सेक्टर पर्यवेक्षकों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा आग्रह किया गया। अपने घरों की साफ सफाई और स्वच्छता पर भी ध्यान आकर्षित किया गया।

परियोजना अधिकारी निर्मल सिंह ठाकुर द्वारा बताया गया कि महिला एवम् बाल विकास मानवीय जीवन का आधार भूत विभाग है, महिला एवम् बाल विकास विभाग बच्चों के बेहतर भविष्य और गर्भवती धात्री माताओं के सम्पूर्ण स्वास्थ्य की देखरेख करता है, मैदानी अमला आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा बच्चों को पोषण आहार से लेकर शाला पूर्व अनौपचारिक शिक्षा, बच्चों के मानसिक विकास हेतु तरह तरह की खेल ही खेल में गतिविधियां करवाती है, जिसका निरंतर मॉनिटरिंग महिला एवम् बाल विकास विभाग के सभी सेक्टर पर्यवेक्षक करते हैं।








