बैतूल। शहर के किदवई वार्ड भाग 1 की आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 1 अप्रैल से 23 अप्रैल तक सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में चलाया जा रहा है। इस पखवाड़े को मनाए जाने का उद्देश्य लोगो को संतुलित भोजन और मोटे अनाज को प्रतिदिन अपने भोजन में प्रयोग करने के लिए जागरूक करना है। इसी तारतम्य में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गायत्री भास्कर द्वारा मोटे अनाज की सुंदर रंगोली बनाई गई ।

इसके साथ ही उपस्थित गर्भवती धात्री महिलाओं को और बच्चों की माता को जीवन के प्रमुख 1000 दिवस के महत्व को सुंदर चार्ट बनाकर समझाया। सभी महिलाओं को कार्यकर्ता द्वारा संतुलित आहार एवं रंग बिरंगी थाली क्यों आवश्यक है, इस बारे में भी जानकारी दी। आंगनबाड़ी केंद्र से प्रदाय टेक होम राशन से विभिन्न प्रकार के पकवान भी बनाए गए और महिलाओं को बताया कि किस प्रकार शासन द्वारा बताए टेक होम राशन को और रुचिकर बना सकते हैं। इसी कार्यक्रम में एचपीवी वैक्सीन जो की सर्वाइकल कैंसर से बचाव के बारे में भी जागरूक किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रही।







