आमला। नवागत कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे के सख्त निर्देशानुसार, एसडीएम शैलेंद्र बड़ोनिया के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों के काया कल्प एवं पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया जा रहा है।

एसडीएम बड़ोनिया द्वारा प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्रों में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने हेतु परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया गया है। इसके परिणामस्वरूप अब आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति में निरंतर सुधार देखा जा रहा है। केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति प्रतिदिन बढ़ रही है, नियमित रूप से नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है तथा प्री-स्कूल गतिविधियां भी सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
उक्त सभी विभागीय कार्यों की मॉनिटरिंग एसडीएम द्वारा की जा रही है। वे विभागीय व्हाट्सएप्प समूह से जुड़े रहकर नियमित समीक्षा कर रहे हैं तथा औचक निरीक्षण के तहत किसी भी समय आंगनवाड़ी केंद्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन कर रहे हैं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी गौतम अधिकारी एवं एसडीएम बड़ोनिया के निर्देशानुसार, परियोजना अधिकारी निर्मल सिंह ठाकुर सहित सभी सेक्टर पर्यवेक्षक नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर रहे हैं। जहां भी कमियां पाई जा रही हैं, वहां आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को तत्काल सुधार हेतु निर्देशित किया जा रहा है।
एसडीएम के निर्देशों के पालन में आंगनवाड़ी केंद्रों पर वॉल घड़ी, डस्टबिन, शू-रैक, कुर्सी, टेबल एवं दरी जैसी आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। केंद्रों में साफ-सफाई से लेकर सभी गतिविधियां व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
वर्तमान में आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान सेक्टर पर्यवेक्षकों द्वारा जनसमुदाय को आमंत्रित कर पोषण के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। लोगों को संतुलित एवं पोषक आहार अपनाने की सलाह दी जा रही है जिसमें मूंगफल्ली, मौसमी फल, दूध, हरी सब्जियां एवं मोटे अनाज जैसे ज्वार, बाजरा, रागी शामिल हैं। इनका नियमित सेवन करने से मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों से बचाव संभव है।







