आमला। चैत्र नवरात्रि एवं रामनवमी के पावन पर्व पर आमला नगर में विगत दिनों से आयोजित सीताराम कीर्तन का समापन कल 27 मार्च 2026 दिन शुक्रवार को दोपहर पूर्णाहुति के साथ किया जाएगा।
यह भव्य धार्मिक आयोजन 19 मार्च से श्रीमनोकामनानाथ नागेश्वर शिव मंदिर, हवाई पट्टी आमला में 42 वर्षों से निरंतर जारी है। साकेतवासी महामंडलेश्वर 1008 श्रीरघुवरदास महाराज विद्याकुंड अयोध्या निवासी के मार्गदर्शन में पिछले 42 वर्षों से चैत्र नवरात्र के अवसर पर चल रहे इस कीर्तन में क्षेत्र के श्रृद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेकर भक्ति रस में सराबोर हो रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
लक्ष्मण शेषराव चौकीकर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान नवयुवक रामायण मंडल आमला, रामायण मंडल बोड़खी, महिला मंडल एवं ग्रामीण भजन मंडलों द्वारा नौ दिनों तक निरंतर कीर्तन प्रस्तुत किया गया जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई।

समापन अवसर पर हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं की विशेष उपस्थिति अपेक्षित है। आयोजक समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे परिवार सहित उपस्थित होकर इस पावन अवसर पर भाग लें और पुण्य लाभ प्राप्त करें।
कार्यक्रम का आयोजन उमराव चौकीकर भगत रामायण मंडल, आमला बोडखी के तत्वावधान में समस्त भजन मंडल एवं महिला मंडल के सहयोग से किया जा रहा है।






