आमला। गायत्री प्रज्ञा पीठ आमला में शनिवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा प्रतिवर्षानुसार आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के तहसील स्तरीय प्रवीण्य सूची में चयनित विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सम्मान समारोह में मुख्यातिथि के रूप में क्षेत्र के शिक्षा जगत की अग्रणी विभूतियों में डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज के प्राचार्य जीआर डोंगरे एवं अतिथि लाइफ करियर स्कूल के संचालक हमीद बेग एवं वार्ड पार्षद अल्का मानकर उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विभिन्न शालाओं के चयनित विद्यार्थीगण एवं उनके अभिभावक और शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए परीक्षा के तहसील समन्वयक कैलाश चंद्र रहड़वे ने बताया कि इस वर्ष परीक्षा में 51शालाओं के लगभग 1600 विद्यार्थींगण इस परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। जिनमें से 41 विद्यार्थी तहसील स्तर की प्रवीण्य सूची में चयनित हुए। जिन्हें आज समारोह पूर्वक प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां गायत्री एवं सरस्वती के छायाचित्र का पूजन, माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मुख्यातिथि जीआर डोंगरे ने संबोधित करते हुए कहा कि गायत्री परिवार की यह पहल विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियों के साथ अपनी पुरातन संस्कृति से जोड़ती है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामनाएं व्यक्त की। लाइफ करियर स्कूल के संचालक हमीद बेग ने कहा कि यह केवल एक परीक्षा नहीं है बल्कि इसके माध्यम से बच्चों को अपनी संस्कृति और कैरियर में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी निहित है। उन्होंने गायत्री परिवार के इस उपयोगी आयोजन की सराहना भी की। वार्ड पार्षद अलका मानकर ने विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर अपनी शुभकामनाएं प्रदान की।

कार्यक्रम का संचालन तहसील सहसमन्वयक एनडी देशमुख ने किया। कार्यक्रम को गायत्री परिवार के एसपी डढ़ौरे, अनिल पाठक ने भी संबोधित किया। पुरस्कार प्राप्त कर विद्यार्थी बेहद खुश नजर आए। अतिथियों को गायत्री परिवार के भीमराव देशमुख द्वारा गायत्री प्रज्ञा पीठ की जनकल्याण संबंधी विभिन्न प्रकल्पों में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के तहसील समन्वयक संतोष कनाठे , किसनराव सारटकर, यशवंत चढ़ोकर, सुरेंद्र कापसे सहित छात्र छात्राओं के पालकगण विभिन्न स्कूलों के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के सदस्यगण मौजूद थे। आभार प्रदर्शन कमल किशोर सूर्यवंशी ने किया।







