बैतूल। नवागत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने पदभार ग्रहण करने के बाद आज जिले का पहला मैदानी दौरा किया। इस दौरान वे ग्राम ढोंडवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने किसान शुभम पंडाग्रे और भूषण सावले से चर्चा कर गन्ना फसल की प्रति हेक्टेयर लागत, उत्पादन एवं विक्रय की जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर डॉ.सोनवणे ने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ मत्स्य पालन, उद्यानिकी एवं अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विविध कृषि गतिविधियों को अपनाकर किसान अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं और खेती को लाभ का व्यवसाय बना सकते हैं।

क्षेत्र में जैविक गुड़ के बढ़ते उत्पादन और बाजार में इसकी मांग को देखते हुए कलेक्टर ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि ऐसे किसानों का क्लस्टर बनाकर उन्हें बेहतर पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग के माध्यम से प्रोत्साहित किया जाए, जिससे उन्हें उचित बाजार मूल्य मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि क्षेत्र की मिट्टी की गुणवत्ता एवं पानी की उपलब्धता के आधार पर फसल चयन के लिए किसानों को प्रेरित किया जाए, ताकि उत्पादन लागत कम हो और लाभ अधिक मिल सके। निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक कृषि सुरेंद्र पराते सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






