आधुनिक तकनीकी में दक्ष रहकर प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता बढ़ाए
जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को धरातल पर उपयोगी बनाएं
बैतूल। नवागत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में समय-सीमा को लेकर पहली बैठक आज 13 अप्रैल 2026 दिन सोमवार को आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों को भली-भांति समझें और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुशासन को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ जमीनी स्तर तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आमजन की समस्याओं का निष्पक्ष एवं संवेदनशील समाधान किया जाना चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी प्रकरण लंबे समय तक लंबित न रहे। व्यवस्थित कार्ययोजना बनाकर उनका समयबद्ध निराकरण किया जाए। विशेष रूप से राजस्व एवं लोक सेवा गारंटी के मामलों को प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़े, यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं होगा।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अमले पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता के लिए संबंधित अधिकारी भी जिम्मेदार होंगे। वित्तीय अनियमितताओं पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। साथ ही जनहित के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने हेतु समय-समय पर फीडबैक साझा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय समन्वय के साथ प्रकरणों का विवेकपूर्ण निराकरण करने, नियमित बैठकें आयोजित करने तथा क्षेत्रीय निरीक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जनसुनवाई कार्यक्रम का प्रभावी संचालन भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे विभागीय पोर्टलों की स्वयं मॉनिटरिंग करें और कार्यों को केवल ऑपरेटर के भरोसे न छोड़ें। उन्होंने महत्वपूर्ण एवं नियमित कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग कर प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता बढ़ाने पर बल दिया।
कलेक्टर ने कहा कि समय-सीमा के प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई से संबंधित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान किया जाए। साथ ही, राजस्व प्रकरणों का भी समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली सभी आवश्यक बैठकों का समय पर आयोजन किया जाए। इसके अलावा डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों को गरिमामय ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए गए। उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष पंजीयन का सत्यापन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीदी केंद्रों पर छांव, पेयजल एवं बारदाने जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में नारी शक्ति वंदन अभियान, जल गंगा संवर्धन अभियान एवं जनगणना जैसे महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निर्माण एवं जल संरक्षण कार्यों को धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।
जनगणना से संबंधित कार्यों की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए उन्होंने सभी एसडीएम को इस कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। साथ ही वन विभाग से संबंधित विषयों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक में अपर कलेक्टर वंदना जाट सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी व सभी एसडीएम उपस्थित रहे।






