ईदगाह पर नन्है मुन्ने बच्चे भी पहुंचे विशेष परिधानों में
आमला। पवित्र रमजान माह की समाप्ति के बाद मुस्लिम समुदाय का प्रमुख त्यौहार ईद-उल-फितर आमला नगर में बड़े ही शालीन, शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। पूरे रमजान माह के दौरान रोजा, इबादत और दुआओं के बाद ईद के दिन लोगों में खास उत्साह देखने को मिला।

रतेडा़ रोड पर स्थित ईदगाह में हजारो की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग एकत्रित हुए और सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की। शहर काजी मौलाना हाफिज एहसान साहब ने ईद की नमाज अता करवाई। इस दौरान देश में अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए हजारों हाथों ने एक साथ विशेष दुआ मांगी।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश दिया। इसी के साथ ईदगाह पर नन्हे मुन्नै बच्चे भी विशेष परिधानों में पहुंचे।

ईद के इस पावन अवसर पर लोगों ने अपने परिवार की खुशहाली के साथ-साथ पूरे देश में शांति, समृद्धि और भाईचारे की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय राजस्व प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर पालिका प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया, नायाब तहसीलदार रिचा कौरव सहित पुलिस बल के अधिकारी और कर्मचारी, नगर पालिका के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।







