भैंसदेही/बैतूल। बैतूल जिले में कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा धर्म परिवर्तन से संबंधित गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को सतर्कता एवं वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैतूल कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी भैंसदेही भूपेन्द्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में थाना भैंसदेही पुलिस द्वारा ग्राम घुघरी में धर्म परिवर्तन के लिए कथित रूप से प्रलोभन देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 23.08.2026 को थाना भैंसदेही पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम घुघरी में कुछ व्यक्तियों द्वारा ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करते हुए लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन दिया जा रहा है।

सूचना पर थाना प्रभारी भैंसदेही निरीक्षक राजेश सातनकर के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वैधानिक कार्रवाई की गई। फरियादी गोकुल पिता शंकरराव पंद्राम, उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम सावलमेंढा द्वारा प्रस्तुत लिखित आवेदन में उल्लेखित तथ्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 की धारा 3 एवं 5 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- गुलाबराव इरपाचे, निवासी ग्राम घुघरी
- महादेव पिता कोचा पंद्राम, निवासी ग्राम गदराझिरी
फरार आरोपी
- गुणवंत पिता परसराम मालेवार, निवासी ग्राम गदराझिरी
फरार आरोपी की तलाश एवं प्रकरण की विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी भैंसदेही निरीक्षक राजेश सातनकर, उनि. रामप्रकाश कीर, सउनि. बलीराम बम्हनेले, श्रीकांत वर्मा, प्रआर. 22 छोटेलाल, प्रआर. 148 पंजाबराव, आर. 490 नारायण जाट, आर. 600 सोनू शर्मा, आर. 406 मोहित मालवीय, आर. 262 तनवीर खान, आर. 683 नरेन्द्र, मआर. 498 दीपिका, मआर. 506 लक्ष्मी एवं सैनिक 42 अमर चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक बैतूल की आमजन से अपील
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को प्रलोभन, लालच, दबाव, भय अथवा किसी अन्य अनुचित माध्यम से धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित न किया जाए। सभी नागरिक कानून का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि से दूर रहें।
उन्होंने कहा कि बैतूल जिले में सभी धर्मों एवं समुदायों के लोग आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण में रहते हैं। किसी भी व्यक्ति द्वारा धार्मिक स्वतंत्रता से संबंधित कानूनों का उल्लंघन किए जाने की जानकारी प्राप्त होने पर नागरिक तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस को सूचना दें। पुलिस द्वारा प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि किसी अफवाह, अपुष्ट सूचना अथवा सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक संदेश पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। जिले की शांति, सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।







