देशभक्ति गीतों और वंदे मातरम के नारों से गूंजा आमला, 5 हजार से अधिक बच्चों सहित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा
क्षेत्रीय विधायक, भूतपूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी कर्मचारी और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक की सहभागिता
आमला। राष्ट्रीय ध्वज की आन, बान और शान तथा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत आमला में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित रैली में विधायक, भूतपूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधिगणो, अधिकारी-कर्मचारियों और विभिन्न स्कूली छात्र-छात्राओं सहित करीब 5 हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे शहर में देशभक्ति का सैलाब नजर आया और वंदे मातरम तथा भारत माता की जय के नारों से आमला गूंज उठा।

रैली का शुभारंभ तहसील कार्यालय पर वीर शहीदों को याद कर किया गया। इस अवसर पर वीरांगना रानी दुर्गावती और वीर छत्रपति शिवाजी महाराज को भी पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया। रैली तहसील कार्यालय से प्रारंभ होकर पुराने थाना, मेन मार्केट, पीर मंजिल, बेसिक कन्या शाला के सामने से जनपद चौक, बिरसा मुंडा, अंबेडकर चौक, बस स्टेंड, होते हुए रेलवे स्टेशन परिसर पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ।

रैली के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों और नागरिकों द्वारा स्वागत स्टॉल लगाए गए। तिरंगा रैली का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर पत्रकारों ने भी स्वागत किया गया। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच नागरिकों में गजब का उत्साह नजर आया।

रैली में आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, जनपद पंचायत अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष रामकिशोर देशमुख, सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, एसडीएम कामिनी ठाकुर, तहसीलदार रिचा कौरव, नायाब तहसीलदार राजेश धाड़से, नपा सीएमओ नितिन कुमार बिंजवे, जनपद सीईओ पंकज दरोठिया, स्टेशन मास्टर दिनेश कुमार साहु, आरपीएफ थाना प्रभारी एसएस मढावी, आमला थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर सहित अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, भूतपूर्व सैनिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, एनसीसी, स्काउट गाइड के बच्चों एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र छात्राएं सहित पत्रकारगण मौजूद रहे।


राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का लें संकल्प : पंडाग्रे
आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने कहा कि भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस को पूरे हर्षोल्लास से मनाने की दिशा में देशभर में हर घर तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इन यात्राओं का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति और सामाजिक चेतना की भावना जागृत करना, सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखना है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है। आज हम जिस स्वतंत्रता का आनंद ले रहे हैं, वह हमारे वीर नायकों के तप, त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा वर्ष 2047 तक भारत को विश्व का स्वर्णिम राष्ट्र बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

रैली के आयोजन में नगरपालिका प्रशासन, राजस्व प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। पूरे मार्ग में सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ तिरंगा रैली का सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन किया गया।








