दो आरोपी गिरफ्तार, ₹90 हजार कीमत की चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद
बैतूल पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से वाहन चोरी का मामला सुलझा
आमला/बैतूल। पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे तथा एसडीओपी मुलताई शिवकुमार सिंह के मार्गदर्शन में थाना आमला पुलिस द्वारा वाहन चोरी के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई Yamaha R-15 मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 22.07.2026 को फरियादी प्रथम सोनकुसरे, निवासी बस स्टैंड आमला द्वारा अपनी Yamaha R-15 मोटरसाइकिल क्रमांक MP48NA5871, ग्रे कलर, को घर के सामने बस स्टैंड आमला में खड़ा किया गया था। दिनांक 26.07.2026 की सुबह मोटरसाइकिल मौके पर नहीं मिली। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोटरसाइकिल चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट पर थाना आमला में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
सीसीटीवी एवं तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
थाना आमला पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का परीक्षण करने के साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कुणाल उर्फ लक्की एवं शक्ति के रूप में हुई।
उक्त दोनों आरोपी थाना कोतवाली, जिला सिवनी के एक अन्य अपराध में गिरफ्तार किए गए थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा थाना आमला क्षेत्र से उक्त मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर थाना आमला पुलिस द्वारा चोरी गई Yamaha R-15 मोटरसाइकिल क्रमांक MP48NA5871, ग्रे कलर, बरामद की गई। दोनों आरोपियों को दिनांक 22.08.2026 को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- कुणाल उर्फ लक्की पिता हरिशंकर गौतम, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम जाटाछापर, जिला छिंदवाड़ा।
- शक्ति पिता रंजीत कनौजिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम भौकई, जिला छिंदवाड़ा।
जप्त मशरूका
- Yamaha R-15 मोटरसाइकिल क्रमांक MP48NA5871, ग्रे कलर
- अनुमानित कीमत : ₹90,000/-
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
निरीक्षक मुकेश ठाकुर,
उनि. बलराम यादव,
प्रआर. 50 संजय बैन,
प्रआर. 292 बसंत उईके,
आर. 541 आदेश कवरेती,
आर. 318 रोहित कुशवाह।
पुलिस अधीक्षक बैतूल की अपील
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि अपने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें, वाहन में सुरक्षा लॉक एवं एंटी-थेफ्ट डिवाइस का उपयोग करें तथा वाहन के दस्तावेज एवं चाबी संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वाहन की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस थाना अथवा पुलिस को सूचना दें।
बैतूल पुलिस अपराध नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा के लिए सतत तत्पर है।







