अनुबंध नियमों का उल्लंघन करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं
काम्प्लेक्स के इंफ्रास्ट्रक्चर में भी किया फेरबदल ,नहीं हुई अब तक कोई कार्रवाई
बैतूल/ भोपाल। नगर पालिका प्रशासन शिकायत के निराकरण के मामले में रुचि नहीं ले रही है। यही वजह है कि दो साल बाद भी नपा ने अपने ही काम्प्लेक्स में तल घर बनाकर चल रही दुकान के मामले में कार्रवाई तो दूर जांच तक नहीं की गई। केवल दुकानदार को नोटिस थमाकर इतिश्री कर ली।
दरअसल मामला, बैतूल नगर पालिका के विहार काम्प्लेक्स का है। यहां की 30 नम्बर दुकान के संचालक ने अपनी दुकान में ना केवल तल घर का निर्माण किया बल्कि इंफ्रास्ट्रक्चर में मनमर्जी से फेर बदलकर लिया। जबकि नपा के अनुबंध में दुकान में किसी भी तरह का फेरबदल करना नियमों का उल्लंघन माना गया है। इस तरह के मामले की शिकायत के दो साल बीतने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। नपा सीएमओ ने काम्प्लेक्स के इंफ्रास्ट्रक्चर मे इस तरह फेरबदल कर नियम का उल्लंघन करने की शिकायत मिलने पर काम्प्लेक्स के दुकान संचालक को नोटिस तो जारी किया था, लेकिन इसके बाद नपा इस मामले में कार्रवाई करना भूल गई। जबकि नपा द्वारा इस मामले में फेरबदल की जांच राजस्व अमले से कराकर कार्रवाई की जानी चाहिए थी, लेकिन आजतक कोई कार्रवाई नहीं की गई।

नपा के फाउंडेशन में तोड़ फोड़ की हुई थी शिकायत
बैतूल के कोठी बाजार विहार कांप्लेक्स में स्थित दुकान क्रमांक 30 में इंफ्रास्ट्रेक्चर को नुकसान पहुंचाकर फेरबदल किए जाने की शिकायत एडवोकेट प्रदीप कुमार ने दो साल पहले की थी। उन्होंने अपनी शिकायत में दुकान नीलामी अनुबंध कंडिका 7 व 8 का उल्लंघन होने की बात रखी थी।
उन्होंने बताया था कि इस दुकान में पक्का सीमेंट लोहे का लेटर डालकर दो हिस्सों में बांट दिया गया है। इसके अलावा दुकान में फ्लोर की खुदाई कर मशीनें रखने के लिए तलघर जैसा बना लिया गया है। इसके अलावा दुकान के सामने के हिस्से को तोड़कर अपनी सुविधा अनुसार कर लिया गया है।
उपराेक्त फेरबदल करने से नपा के अनुबंध नियमाें का उल्लंघन हो रहा है। दुकान संचालक बेखौफ इस तरह के कामों को अंजाम दे रहा है। इसके बावजूद नपा के जिम्मेदार कोई रोक टोक नहीं कर रहे हैं।
अब तक संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ नपा के राजस्व अमले ने कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि अनुबंध व कानूनी नियमों का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है।

इस तरह अनुबंधित दुकान में फेरबदल कर दुकान संचालक इस तरह नियम निर्देश का उल्लंघन कर रहा है। इस शिकायत में उन्हाेंने दुकान संचालक के खिलाफ एक्शन लिए जाने व दुकान को पूर्व नक्शे के अनुसार व्यवस्थित करवाए जाने का आग्रह किया था। इस शिकायत को करीब दो साल हो गया है, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। उस समय सीएमओ सतीश मटसेनिया ने बताया था कि दुकान संचालक को नियम का उल्लंघन करने का पर नोटिस जारी किया गया है। राजस्व अमला इस मामले में कार्रवाई कर रहा है। राजस्व अमले से जानकारी ली जाएगी। वर्तमान में एक अन्य मामले मे बैतूल सीएमओ को आयुक्त महोदय ने सस्पेंड कर दिया है।
राजस्व अमले की भूमिका संदिग्ध
नगर पालिका में पदस्थ राजस्व अमले के अधिकारी परते और सहायक राय की भूमिका शिकायतों के मामले में संदिग्ध मानी जाती है। दोनो के एक ही शाखा में लंबे समय से पदस्थ होने के कारण वे शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। वे अधिकारीयों पर बात टाल देते हैं। अब शिकायत के निपटारे में उनका क्या गणित है, ये वह ही बता सकते हैं।






