सुसाइड नोट में आई जनगणना के काम के दबाव की बात
गंज थाना पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी
बैतूल । शहर के उत्कृष्ट स्कूल में लंबे समय से व्याख्याता के पद पर पदस्थ संदीप परसाई 51 साल ने बुधवार को अपने कालापाठा विकास नगर स्थित मकान में फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। इस दौरान उनके घर पर कोई नहीं था। सूचना मिलने पर गंज थाना पुलिस जांच करने में जुट गई है।
सबसे पहले भतीजी ने चाचा को फंदे पर लटका देखा, तो फिर घटना आई सामने
शहर के कालापाठा इलाके में व्याख्याता संदीप परसाई अपने बड़े भाई के साथ मकान के ऊपरी हिस्से में रहते थे। बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे उनकी भतीजी घर में ऊपर गई तो उसे चाचा फांसी के फंदे पर लटके हुए दिखाई दिए। इस पर उसने अपने परिवार को इसकी जानकारी दी।
पत्नी और बच्चे थे बाहर और लगा लिया मौत को गले
इस घटना के समय उनका दसवीं क्लास का बेटा आर डी पब्लिक स्कूल की कोचिंग अटेंड करने गया हुआ था। वही पत्नी अपनी छोटी बेटी को लेकर दो दिन पहले शादी अटेंड करने के लिए अपने मायके उज्जैन गई हुई थी। इस दौरान घर में कोई नहीं था। तभी व्यख्याता संदीप ने आत्महत्या करने जैसा कदम उठा लिया। उनका शव छत में पंखा लगाने के हुक से बंधे कपड़े से लटका हुआ था।
पुलिस को मिला सुसाइड नोट, लिखा-जनगणना के काम का था चौतरफा दबाव-
बैतुल गंज थाना के प्रभारी नीरज पाल ने बताया कि मृतक संदीप के पास से सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने जनगणना कार्य के साथ ही काम का चौतरफा दबाव से परेशान होने की बात लिखी है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में जनगणना का काम चरणबद्ध तरीके शुरू हो चुका है। यह कार्य शिक्षको को संयुक्त रूप से करना है।
संदीप के इस कदम से सभी हतप्रभ
व्यख्याता संदीप परसाई के परिवार के सदस्य सभी सरकारी पदों पर रह चुके हैं और कुछ वर्तमान में सरकारी कर्मचारी है। मृतक परसाई अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई लोक शिक्षण संचनालय भोपाल में उपसंचालक के पद से सेवा निवृत्त हुए हैं। वहीं दूसरा बड़ा भाई वन विभाग मुलताई में लिपिक है, पिता वन विभाग से रिटायर हुए हैं। परसाई काफी मिलनसार और सहयोगी थे। उनके इस कदम से सभी लोग हतप्रभ हैं।
गुरूवार को होगा पीएम और अंत्येष्टि
व्यख्याता संदीप परसाई के आत्महत्या करने की सूचना मिलने से शिक्षा जगत में शोक की लहर है। उनके घर लोगों के जुटने का सिलसिला शुरू हो गया। देर शाम तक परिवार के सदस्यों के बाहर से नहीं पहुचने के कारण फिलहाल उनका जिला अस्पताल में पीएम नहीं हो सका है। अब उनके शव का पीएम और अंत्येष्टि गुरूवार को होगी।







