नशे की लत का खौफनाक अंजाम: माँ से पैसे न मिलने पर बना हत्यारा
हत्या के बाद रच रहा था अंतिम संस्कार की साजिश, पुलिस ने पकड़ा आरोपी
आमला। थाना आमला क्षेत्रांतर्गत दिनांक 14 अप्रैल 2026 को सूचनाकर्ता अंजनी उबनारे निवासी सौंसर जिला पांढुर्णा द्वारा डायल 112 पर सूचना दी गई कि उसकी बहन शकुंतला गुजरे उम्र 62 वर्ष, निवासी पुरानी पुलिस चौकी के पास बोडखी की शव यात्रा निकाली जा रही है तथा शरीर पर चोट के निशान होने से हत्या की आशंका है।
सूचना पर आमला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची एवं मृतिका के शव को अपने कब्जे में लेकर सीएचसी आमला में पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हेमरेजिक शॉक पाया गया। मर्ग जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दीपांशु गुजरे के विरुद्ध थाना आमला में अपराध क्रमांक 121/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी आमला शिवकुमार सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी दीपांशु गुजरे को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब का आदी है तथा एक वर्ष तक भोपाल के नशा मुक्ति केंद्र में रहा था। एक माह पूर्व आमला लौटने के बाद वह अपनी माँ से शराब के लिए पैसे मांगता था। पैसे देने से मना करने पर उसने लोहे के पाइप एवं चप्पल से मारपीट कर अपनी माँ की हत्या कर दी तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से खून को पानी से साफ कर दिया और अंतिम संस्कार करने ले जा रहा था।
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप, चप्पल, मृतिका के कपड़े एवं चादर जप्त किए गए हैं।
प्रकरण में धारा 238 बीएनएस का इजाफा किया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
दीपांशु पिता कमलाकर गुजरे, उम्र 32 वर्ष, निवासी पुरानी चौकी के पास बोडखी आमला
विशेष भूमिका
निरीक्षक रविकांत डेहरिया,
उपनिरीक्षक बलराम यादव,
प्र.आर. 210 विकास वर्मा,
प्र.आर. 555 संतोष मालवीय,
आर. 395 नागेंद्र सिंह,
आर. 541 आदेश कवरेती,
आर. 641 पलक सोलंकी,
सै. 126 गणेश डेंगे,
सै. 221 शोभाराम पुंडे आदि की रही है।





