सजप की मप्र शाखा के पदाधिकारियों ने जताया विरोध, तुरंत रिहाई के लिए उडी़सा के मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
बैतूल/भोपाल। समाजवादी जन परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लिंगराज आजाद की उडी़सा राज्य की कालाहांडी पुलिस द्वारा गिरफ्तारी पर सजप के मध्य प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र गढ़वाल एवं राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य ने कड़ा विरोध जताया।
उन्होंने पार्टी की प्रदेश इकाई की तरफ से उडी़सा के मुख्यमंत्री मोहन मांझी को पत्र लिखकर उनकी तुरंत रिहाई की मांग की।

राजेन्द्र गढ़वाल ने बताया कि लिंगराज आजाद पर्यावरण एवं आदिवासी हक को लेकर उडी़सा के नियामगिरी पहाड़ में वेदांत माइनिंग के खिलाफ सफल लड़ाई लड़ने के साथ कालाहांडी आदि जिलों में माइनिंग के खिलाफ लड़ रहे है। वो संविधान की धारा 244(1) की 5वीं अनुसूची के ओडिशा में अनुपालन के लिए वैधानिक रूप से संघर्षरत हैं।ग्राम सभाओं की पूर्ण उपेक्षा करके निजी कंपनियों को खनन पट्टे देने का वे प्रतिवाद करते हैं, इसलिए कालाहांडी पुलिस ने माइनिंग कंपनी के इशारों पर झूठे आरोपों में गिरफ्तार किया है।
लिंगराज आजाद भारत के निर्वाचन आयोग में पंजीकृत राजनैतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वे भवानीपटना से दल के उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।






