आमजन से अपने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की अपील
आमला। नगर पालिका आमला के अध्यक्ष नितिन गाडरे द्वारा पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक का यह दायित्व है कि वे अपने पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक दवा अवश्य पिलाएं।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर अध्यक्ष नितिन गाडरे अपनी धर्मपत्नी सोनम गाडरे के साथ मे पुत्र मोरेश्वर को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का संदेश दिया और सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, क्योंकि “दो बूंद जिंदगी की” हर बच्चे के स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर सिविल अस्पताल आमला के बीएमओ डॉ. राकेश बचले ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर एवं निर्धारित बूथों पर जाकर पाँच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में सिविल अस्पताल का स्वास्थ्य अमला एवं स्टाफ भी उपस्थित रहा। सभी ने मिलकर पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया और अभियान को सफल बनाने के लिए आमजन की सहभागिता का आह्वान किया।
“आइए संकल्प लें”– पाँच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे।
“दो बूंद जिंदगी की, हर बच्चे के लिए है जरूरी”







