9 लाख की लूट का भेदी गिरफ्तार
बोरदेही पुलिस की बड़ी सफलता, लूट कांड में लुटेरों को मुखबिरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी देवानंद उर्फ देवा इवने पर पुलिस अधीक्षक ने घोषित किया ₹10 हजार का इनाम
बैतूल/बोरधई। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में बोरदेही क्षेत्र में हुई 9 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की घटना के अनावरण में पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पूर्व में पुलिस द्वारा इस प्रकरण के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। अब पुलिस ने घटना में मुखबिरी कर लूट की वारदात को अंजाम दिलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी सुशील पिता मदन यादव, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम हतनोरा, थाना बोरदेही, जिला बैतूल है, जिसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
घटना का विवरण
दिनांक 20 मई 2026 को फरियादी विक्की साहू की दुकान के समीप कृषि उपकरण की दुकान संचालित करने वाले आरोपी सुशील यादव ने फरियादी विक्की साहू एवं पीड़ित प्रदीप झरबड़े के बीच हुई बातचीत सुन ली थी। बातचीत के दौरान प्रदीप झरबड़े द्वारा आमला जाकर बैंक से बड़ी राशि निकालने की जानकारी आरोपी को प्राप्त हुई।
आरोपी ने पीड़ित की पहचान, हुलिया, मोटरसाइकिल तथा बैंक से राशि निकालने संबंधी समस्त जानकारी फोन के माध्यम से मुख्य आरोपी देवानंद उर्फ देवा इवने को उपलब्ध कराई। इसी सूचना के आधार पर देवा एवं उसके साथियों ने पीड़ित का पीछा कर योजनाबद्ध तरीके से लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस की कार्रवाई
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीओपी मुलताई एसके सिंह एवं डीएसपी महिला सेल दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
थाना बोरदेही में अपराध क्रमांक 99/2026 अंतर्गत धारा 309(6), 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं साइबर सेल की सहायता से घटना की कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपी सुशील यादव की संलिप्तता उजागर की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
सुशील पिता मदन यादव, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम हतनोरा, थाना बोरदेही,*जिला बैतूल।
फरार मुख्य आरोपी
प्रकरण का मुख्य आरोपी देवानंद उर्फ देवा इवने पिता शिवसिंह इवने, निवासी घाना उमरी, थाना नवेगांव, जिला छिंदवाड़ा घटना के दिन से फरार है। उसकी गिरफ्तारी एवं शेष लूटी गई राशि की बरामदगी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा ₹10 हजार के इनाम की घोषणा की गई है।
आदतन अपराधी है मुख्य आरोपी
मुख्य आरोपी देवानंद उर्फ देवा इवने के विरुद्ध थाना मुलताई में हत्या एवं आर्म्स एक्ट, थाना बोरदेही में चोरी एवं नकबजनी तथा थाना नवेगांव जिला छिंदवाड़ा में चोरी, लूट एवं जुआ एक्ट के अंतर्गत अनेक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी थाना नवेगांव का निगरानी बदमाश भी है।
सराहनीय भूमिका
एसडीओपी मुलताई श्री एस.के. सिंह, डीएसपी महिला सेल श्री दुर्गेश आर्मो, निरीक्षक राधेश्याम वट्टी (थाना प्रभारी बोरदेही), निरीक्षक मुकेश ठाकुर (थाना प्रभारी आमला), उप निरीक्षक पंचम सिंह उईके, सहायक उप निरीक्षक कमलसिंह मेहर, प्रधान आरक्षक अनिल धुर्वे, प्रधान आरक्षक सुनील पन्द्राम, प्रधान आरक्षक अनन्तराम यादव, आरक्षक रोहन उईके, आरक्षक रामकिशन, महिला आरक्षक आरती पवार, आरक्षक सचिन दीवान, आरक्षक रोहित, आरक्षक राधेश्याम कुमरे, किशोर साहू, सैनिक प्रकाश, सैनिक पंकज तथा साइबर सेल से आरक्षक राजेन्द्र धाड़से की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक की सराहना
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने इस गंभीर लूट प्रकरण का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा की है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार तत्परता, दक्षता एवं पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
आमजन से अपील
बैतूल पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि बड़ी नकद राशि लेकर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें। बैंक से अधिक राशि निकालने की स्थिति में संभव हो तो किसी अन्य व्यक्ति को साथ रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन द्वारा पीछा किए जाने की आशंका होने पर तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम पुलिस थाना को सूचना दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देकर अपराधों की रोकथाम में सहयोग करें।







