प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक परिवहन उपयोग के आह्वान को किया आत्मसात
बैतूल।19 मई2026/ मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा बैतूल जिले के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने मंगलवार को अपने प्रभार के जिले बैतूल पहुंचने के लिए भोपाल से वंदे भारत ट्रेन से यात्रा कर मितव्ययता एवं सार्वजनिक परिवहन के उपयोग का संदेश दिया।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन की बचत तथा सार्वजनिक परिवहन के अधिकाधिक उपयोग की अपील की है। इसी क्रम में प्रभारी मंत्री पटेल ने भोपाल से बैतूल रेलवे स्टेशन तक वंदे भारत ट्रेन में यात्रा की।

इस अवसर पर मंत्री पटेल ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था न केवल ईंधन बचत में सहायक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और यातायात दबाव कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने आमजन से भी दैनिक जीवन में सार्वजनिक परिवहन को अपनाने की अपील की।

ट्रेन में यात्रा के दौरान प्रभारी मंत्री पटेल ने सहयात्रियों से आत्मीय संवाद भी किया। इस अवसर पर हैदराबाद निवासी अनिल घग्घर सहित अन्य यात्रियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ईंधन बचत एवं सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। यात्रियों ने प्रभारी मंत्री पटेल के साथ समूह चित्र भी खिंचवाए।








